MP News: होटल में 'पति, पत्नी और वो' का हाईवोल्टेज ड्रामा, गर्लफ्रेंड का बर्थडे मनाने आए डॉक्टर को पत्नी ने रंगे हाथों पकड़ा; जमकर हुई धुनाई

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंदसौर। शहर के नाहटा चौराहा स्थित एक होटल में बुधवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने अपने पति को उसकी प्रेमिका के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। गुस्से से आगबबूला पत्नी और उसके परिजनों ने होटल के कमरे में ही पति और उसकी प्रेमिका की जमकर पिटाई कर दी। इस हाईवोल्टेज ड्रामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कमरा खुलते ही शुरू हुई मारपीट

जानकारी के अनुसार, शामगढ़ निवासी 50 वर्षीय डॉक्टर जुल्फिकार अली अपनी 38 वर्षीय प्रेमिका (निवासी मुलतानपुरा) के साथ नाहटा चौराहा स्थित समता पैलेस होटल में रुका हुआ था। बुधवार रात करीब 11 बजे डॉक्टर की पत्नी अपने भाई और भाभी के साथ अचानक होटल जा पहुंची। जैसे ही कमरे का दरवाजा खुला, पति को दूसरी महिला के साथ देख पत्नी का धैर्य जवाब दे गया और उसने दोनों पर थप्पड़ बरसाना शुरू कर दिए।

सीढ़ियों से नीचे तक घसीटा

होटल के गलियारे में हुए इस विवाद में पत्नी और उसकी भाभी ने प्रेमिका के बाल पकड़कर उसे बुरी तरह पीटा। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पत्नी प्रेमिका को पहली मंजिल से सीढ़ियों के रास्ते घसीटते हुए नीचे तक ले आई। वहीं, पत्नी का भाई डॉक्टर जुल्फिकार के साथ झूमा-झटकी करता नजर आया।

गर्लफ्रेंड का जन्मदिन मनाने आया था डॉक्टर

बताया जा रहा है कि जुल्फिकार अली शामगढ़ में निजी क्लीनिक संचालित करता है। वह गुरुवार को अपनी प्रेमिका का जन्मदिन मनाने के लिए मंदसौर आया था। चर्चा है कि प्रेमिका का उसके पति से छह महीने पहले तलाक हो चुका है, जिसका कारण भी जुल्फिकार को ही बताया जा रहा है।

पुलिस ने संभाली स्थिति

होटल में हंगामे की सूचना मिलते ही डायल-112 मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराकर थाने ले गई। डॉक्टर और उसकी प्रेमिका का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया। हालांकि, पुलिस कार्रवाई के दौरान पत्नी और उसके परिजन वहां से चले गए, जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई कर जुल्फिकार और उसकी महिला मित्र को छोड़ दिया। फिलहाल मामले में किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post