दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती और फिर शोषण का मामला सामने आया है। माढ़ोताल पुलिस ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी एक विवाहित युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने मंडला की एक 18 वर्षीय अनाथ युवती को अपने जाल में फंसाकर उसके साथ होटल और अपने किराए के मकान में दुष्कर्म किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, युवती के माता-पिता का निधन हो चुका है। करीब एक माह पहले उसकी पहचान सोशल मीडिया के जरिए कौशलेंद्र प्रताप सिंह से हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और दोनों वीडियो कॉल पर बात करने लगे। आरोपित ने खुद को जबलपुर की पीएनबी कॉलोनी का निवासी बताया था।
आरोपित कौशलेंद्र 15 अप्रैल को कार लेकर मंडला पहुंचा और युवती को जबरन अपने साथ जबलपुर ले आया। वह उसे माढ़ोताल स्थित 'ज्योति लॉज' लेकर गया, जहाँ उसने युवती की मर्जी के खिलाफ उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में शादी का झूठा भरोसा दिलाकर 17 अप्रैल को उसे वापस मंडला छोड़ आया।
घटनाक्रम में मोड़ तब आया जब 4 मई को युवती अपने किसी रिश्तेदार के घर जबलपुर आई। आरोपित ने फिर से उस पर मिलने का दबाव बनाया। युवती ने परेशान होकर उसका नंबर ब्लॉक कर दिया, तो आरोपित ने इंटरनेट कॉल के जरिए उसे धमकी दी कि यदि वह नहीं मिली, तो वह उसकी मौसी की हत्या कर देगा। डर के मारे युवती बस से उतरकर आरोपित के घर पहुंची, जहाँ उसके साथ दोबारा दुराचार किया गया।
पीड़िता की शिकायत पर माढ़ोताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधवार रात आरोपित कौशलेंद्र प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपित पहले से शादीशुदा है और जबलपुर में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
