Jabalpur News: खुले में बन रही थी चाट, खाद्य विभाग ने की कार्रवाई

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। महात्मा गांधी वार्ड स्थित दीक्षितपुरा इलाके में खाद्य विभाग ने अस्वच्छ तरीके से खाद्य सामग्री तैयार करने वाले ठाकुर चाट भंडार के कारखाने पर कार्रवाई की। यह कार्रवाई खाद्य अधिकारी देवेंद्र दुबे के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम द्वारा की गई।

जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि खुले स्थान पर बिना किसी स्वच्छता मानकों के चाट एवं अन्य खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी। जानकारी के अनुसार, पूर्व में राम मंदिर के भूखंड पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई के बाद ठाकुर चाट भंडार के संचालक द्वारा खुले में खाद्य सामग्री का निर्माण किया जा रहा था। इससे क्षेत्र में गंदगी और अस्वच्छता फैलने की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं।


मोहल्ले के लोगों ने भी खुले में खाद्य सामग्री बनाए जाने का विरोध करते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी। शिकायतों के आधार पर खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं पाई गईं। कार्रवाई के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि व्यावसायिक उपयोग में घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल किया जा रहा था। अधिकारियों ने इस मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित विभाग को भी कार्रवाई के लिए अवगत कराने की बात कही है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्र में इस प्रकार खुले में खाद्य सामग्री तैयार करना लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post