Jabalpur News: जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन ने ली पहली बैठक, कार्यों की मांगी विस्तृत रिपोर्ट

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) के नवनियुक्त अध्यक्ष संदीप जैन ने पदभार ग्रहण करने के बाद शुक्रवार को कार्यालय में पहली बैठक आयोजित की। बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय के साथ विभागीय कार्यों की जानकारी ली गई। इस दौरान जेडीए उपाध्यक्ष प्रशांत केशरवानी भी मौजूद रहे।

बैठक में अध्यक्ष संदीप जैन ने कहा कि पहली बैठक का उद्देश्य विभागीय व्यवस्था को समझना और अधिकारियों-कर्मचारियों से परिचय करना था। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगली बैठक पूरी तरह विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा पर केंद्रित होगी।

लंबित परियोजनाओं की होगी समीक्षा

संदीप जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर विकास से जुड़े लंबित कार्यों, योजनाओं और प्राथमिकता वाले प्रोजेक्ट्स की विस्तृत जानकारी तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि अगली बैठक में यह तय किया जाएगा कि किन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना है और किन कार्यों में देरी हो रही है।

उन्होंने यह भी संकेत दिए कि जेडीए की योजनाओं को गति देने और विकास कार्यों में पारदर्शिता लाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

अधिकारियों और कर्मचारियों से लिया फीडबैक


बैठक के दौरान अध्यक्ष ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद कर उनकी जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली की जानकारी ली। साथ ही कार्यालयीन व्यवस्थाओं और वर्तमान प्रोजेक्ट्स पर भी चर्चा की गई।

शहर विकास को मिलेगी गति

पदभार ग्रहण करने के बाद से ही जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन शहर विकास और लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता देने की बात कह रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में जेडीए की कार्यशैली और विकास योजनाओं में तेजी देखने को मिल सकती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post