Jabalpur News: एमपी पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रमोशन की तैयारी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मध्यप्रदेश पुलिस विभाग में जल्द बड़े स्तर पर कार्यवाहक पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। पुलिस मुख्यालय (PHQ) के निर्देश के बाद प्रदेशभर के जिलों में सिपाही से लेकर एसआई स्तर तक के पुलिसकर्मियों की सूची तैयार की जा रही है। इस प्रक्रिया के तहत जिले में करीब 180 पुलिस अधिकारी और जवानों को उच्च पद का कार्यवाहक प्रभार दिया जाएगा।

सिपाही से लेकर एसआई तक को मिलेगा लाभ

पदोन्नति के बाद सिपाहियों की बांहों पर हवलदार की फित्ती लगेगी। वहीं हवलदारों को एएसआई का प्रभार मिलने पर उनके कंधों पर एक स्टार दिखाई देगा। एएसआई को एसआई बनाए जाने पर दो स्टार मिलेंगे। इसके अलावा एसआई और सूबेदार को कार्यवाहक निरीक्षक एवं रक्षित निरीक्षक का प्रभार दिया जाएगा, जिसके बाद उनके कंधों पर तीन सितारे सजेंगे।

जानकारी के अनुसार सिपाही से हवलदार बनाने की प्रक्रिया जिला स्तर पर पूरी की जाएगी। हवलदार से एएसआई पदोन्नति की कार्रवाई रेंज स्तर पर होगी, जबकि एएसआई और एसआई स्तर के मामलों में डीआईजी कार्यालय और पुलिस मुख्यालय कार्रवाई करेगा।

बताया जा रहा है कि जबलपुर जिले से करीब 80 अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची पुलिस मुख्यालय को भेजी जा रही है।

पुलिस मुख्यालय का सख्त निर्देश

पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों और रेंज कार्यालयों को निर्देश दिए हैं कि तीन दिन के भीतर समितियों का गठन कर प्रक्रिया शुरू की जाए। साथ ही 15 दिनों के भीतर पात्र पुलिसकर्मियों को कार्यवाहक प्रभार सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

कितने पुलिसकर्मियों को मिलेगा प्रमोशन

सिपाही से हवलदार – 100

हवलदार से एएसआई – 20

एएसआई से एसआई – 30

एसआई और सूबेदार से टीआई/रक्षित निरीक्षक – 30

Post a Comment

Previous Post Next Post