Jabalpur News: बुजुर्ग पर टूट पड़ा आवारा कुत्ता, 15 मिनट तक नोचा; माथे और कमर में गहरे घाव


दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
शहर में आवारा कुत्तों (स्ट्रीट डॉग्स) का खौफ इस कदर बढ़ गया है कि अब बुजुर्गों और बच्चों का सड़कों पर निकलना दूभर हो गया है। एक सप्ताह पहले दो मासूम सगी बहनों पर हुए हमले के बाद, अब गढ़ा क्षेत्र में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग आवारा कुत्ते के हिंसक हमले का शिकार हो गए। स्ट्रीट डॉग ने बुजुर्ग को जमीन पर पटक कर करीब 15 मिनट तक बुरी तरह नोचा, जिससे वे लहूलुहान हो गए। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में नगर निगम प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवताल गढ़ा निवासी जुगल किशोर सोनी (उम्र 70 वर्ष) शनिवार शाम किसी काम से पैदल त्रिपुरी चौक की ओर जा रहे थे। वे जैसे ही चौहानी मुक्तिधाम के पास पहुंचे, तभी एक आवारा कुत्ते ने पीछे से उन पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया। हमले के कारण बुजुर्ग अपना संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिर गए। इसके बाद कुत्ते ने उनके माथे, बाएं हाथ और कमर पर कई जगह दांत गड़ा दिए, जिससे खून बहने लगा।

राहगीरों ने मशक्कत कर बचाया, निजी क्लीनिक में इलाज

चश्मदीदों के मुताबिक, बुजुर्ग करीब 15 मिनट तक अकेले ही उस हिंसक कुत्ते से संघर्ष करते रहे और खुद को बचाने की कोशिश करते रहे। वहां से गुजर रहे कुछ राहगीरों की नजर जब तड़पते बुजुर्ग पर पड़ी, तो उन्होंने पत्थरों और लाठियों की मदद से बमुश्किल कुत्ते को खदेड़ा।

घटना की सूचना तुरंत परिजनों को दी गई, जिसके बाद गंभीर रूप से घायल जुगल किशोर को पुरवा स्थित एक निजी क्लीनिक ले जाया गया। घायल बुजुर्ग के भाई अशोक सोनी ने बताया कि डॉक्टरों ने घावों का उपचार कर उन्हें एंटी-रैबीज और टिटनेस के इंजेक्शन लगाए हैं।

कई लोगों को काट चुका है यह कुत्ता, इलाके में दहशत

त्रिपुरी चौक के स्थानीय दुकानदार आनंद कोष्टा सहित अन्य नागरिकों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। इसी आवारा कुत्ते ने पिछले कुछ दिनों में दो से तीन अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है। बार-बार हो रही इन घटनाओं से पूरे क्षेत्र में दहशत और नगर निगम के प्रति नाराजगी का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत के बाद भी निगम की डॉग कैचिंग टीम समय पर कार्रवाई नहीं करती है।

इधर, मामले को बढ़ता देख नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों का कहना है कि हमलावर कुत्ते को चिन्हित कर लिया गया है। उसकी तलाश के लिए टीम भेजी गई है और जल्द ही उसे पकड़कर शहर से दूर सुरक्षित स्थान पर भेजा जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post