शादी के 10 साल बाद पिता बने सूर्यकुमार यादव: पत्नी देविशा ने बेटी को जन्म दिया; बेंगलुरु के खिलाफ मैच में खेलने पर संशय

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। भारतीय टी-20 टीम के कप्तान और मुंबई इंडियंस के स्टार खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव के घर खुशियों ने दस्तक दी है। शादी के करीब 10 साल बाद सूर्या पिता बन गए हैं और उनकी पत्नी देविशा शेट्टी ने एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया है। यह इस कपल की पहली संतान है। 35 वर्षीय सूर्यकुमार यादव ने साल 2016 में देविशा से प्रेम विवाह किया था, जिनसे उनकी मुलाकात कॉलेज के दिनों में हुई थी। 

सूर्या अपनी सफलता का एक बड़ा श्रेय अपनी पत्नी को देते हैं। उन्होंने कई साक्षात्कारों में स्वीकार किया है कि जब 2018 तक उनका भारतीय टीम में चयन नहीं हुआ था, तब देविशा ने ही उन्हें मानसिक रूप से संभाला और डाइट से लेकर फिटनेस तक पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया, जिससे उनका करियर पूरी तरह बदल गया।

पिता बनने की इस खुशी के बीच आईपीएल में मुंबई इंडियंस की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। टीम का अगला मुकाबला 10 मई को रायपुर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ होना है, लेकिन इस मैच में सूर्या का खेलना फिलहाल तय नहीं माना जा रहा है। 

खबरों के मुताबिक, वह अपनी बेटी के जन्म के कारण टीम के साथ रायपुर नहीं गए हैं। मुंबई इंडियंस के लिए यह एक बड़ा झटका हो सकता है क्योंकि टीम इस सीजन में संघर्ष कर रही है और 10 में से केवल 3 मैच ही जीत सकी है। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए मुंबई को अपने आगामी सभी मैच जीतना अनिवार्य है, ऐसे में कप्तान और फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज सूर्या की अनुपस्थिति टीम के समीकरण बिगाड़ सकती है। सूर्या ने हाल ही में 4 मई को अपनी कप्तानी में टीम को लखनऊ के खिलाफ जीत दिलाई थी।

Post a Comment

Previous Post Next Post