बिहार में सम्राट कैबिनेट का विस्तार: निशांत कुमार बने स्वास्थ्य मंत्री, सीएम ने अपने पास रखा गृह विभाग

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली।
बिहार में नई सरकार के गठन के 22 दिन बाद गुरुवार को सम्राट कैबिनेट का बड़ा विस्तार किया गया। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित समारोह में कुल 32 मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली, जिसमें भाजपा के 15, जदयू के 13, लोजपा (रामविलास) के 2, हम के 1 और RLM के 1 मंत्री शामिल हैं। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद विभागों का बंटवारा भी कर दिया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गृह विभाग सहित कुल 6 महत्वपूर्ण विभाग अपने पास रखे हैं। इस कैबिनेट की सबसे बड़ी चर्चा नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर है, जिन्हें स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निशांत कुमार पहली बार मंत्री बने हैं और वे फिलहाल विधानमंडल के किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं।

कैबिनेट में अन्य महत्वपूर्ण पोर्टफोलियो की बात करें तो डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव को वित्त विभाग और दूसरे डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी को जल संसाधन विभाग दिया गया है। पूर्व डिप्टी सीएम विजय सिन्हा को कृषि मंत्रालय की कमान सौंपी गई है, जबकि मिथिलेश तिवारी शिक्षा विभाग संभालेंगे। गौरतलब है कि बिहार में शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी पहली बार भारतीय जनता पार्टी के पास आई है। इस विस्तार के बाद सम्राट कैबिनेट में मंत्रियों की कुल संख्या 34 हो गई है, जिसमें निशांत कुमार, मिथिलेश तिवारी और श्वेता कुमारी समेत 8 नए चेहरे शामिल किए गए हैं।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान मंच पर नीतीश कुमार और पीएम मोदी के बीच काफी आत्मीयता देखी गई। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रोटोकॉल के विपरीत राष्ट्रगीत की जगह सीधे राष्ट्रगान बजाया गया। भाजपा ने इस बार अपने कोटे से तीन पुराने मंत्रियों को ड्रॉप किया है, जिनमें पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, सुरेंद्र मेहता और नारायण प्रसाद शामिल हैं। चर्चा है कि मंगल पांडेय को भाजपा संगठन में राष्ट्रीय महासचिव या यूपी चुनाव का प्रभारी बनाकर बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।

कैबिनेट की संरचना पर नजर डालें तो इसमें 6 पीएचडी होल्डर हैं, जबकि एक मंत्री 10वीं पास हैं। सामाजिक समीकरणों को साधने के लिए कैबिनेट में 9 अति पिछड़ा (EBC), 9 सवर्ण और 7 दलित चेहरों को जगह दी गई है। जदयू के जमा खान कैबिनेट में अकेले मुस्लिम मंत्री हैं। शपथ ग्रहण समारोह के कारण पटना के गांधी मैदान के आसपास और एयरपोर्ट जाने वाले रास्तों पर करीब डेढ़ किमी लंबा जाम लगा रहा, जिससे आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

Post a Comment

Previous Post Next Post