Jabalpur News: शुक्ला होटल इलाके में पति ने पत्नी को मारा चाकू, आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के घमापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद लहूलुहान हालत में थाने पहुँची पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

घमापुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश गौतम ने बताया कि शुक्ला होटल क्षेत्र की निवासी 26 वर्षीय निकिता यादव बीती रात घायल अवस्था में थाने पहुँची थीं। पीड़िता ने बताया कि करीब 8 माह पहले उसने राजा वंशकार के साथ प्रेम विवाह किया था। राजा शराब पीने का आदी है और अक्सर घर में मारपीट करता है। जब राजा घर लौटा और खाना माँगा, तो निकिता ने घर में खाना न होने और उसके काम न करने की बात कही। इसी बात पर भड़के राजा ने पूजा स्थल के पास रखा बड़ा बका नुमा चाकू उठा लिया।

आरोपी राजा ने जान से मारने की नीयत से निकिता पर चाकू से वार किया। निकिता ने खुद को बचाने के लिए जैसे ही अपने दोनों हाथ आगे किए, चाकू उसके दाहिने हाथ में जा लगा। हमले के कारण हाथ में गहरा घाव हो गया और अत्यधिक खून बहने लगा। शोर सुनकर आस-पास के लोग इकट्ठा हुए और पीड़िता को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया।

पुलिस ने निकिता की रिपोर्ट पर आरोपी राजा वंशकार (33 वर्ष) के खिलाफ धारा 109(1) बीएनएस के तहत जानलेवा हमले का अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को अभिरक्षा में ले लिया और उसकी निशादेही पर घटना में प्रयुक्त काला चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है और कल यानी 8 मई को उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post