MP News: आम तोड़ने पर महिला की बेरहमी से पिटाई, लकड़ी-पत्थरों से किया हमला; 4 आरोपियों पर मामला दर्ज

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) शहडोल।
जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लालपुर गांव में आम तोड़ने के मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। एक महिला को खेत में घेरकर लकड़ी और पत्थरों से बेरहमी से पीटा गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने इस मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार दोपहर की है। पीड़िता मीना कुशवाहा अपने पति के साथ खेत पर गई थीं। इसी दौरान वहां लगे आम के पेड़ से फल तोड़ने की बात को लेकर गांव के ही कुछ लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने महिला पर हमला बोल दिया।

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि कुलदीप पाण्डेय, धर्मेंद्र पाण्डेय, पुष्पेंद्र पाण्डेय और मंजीत पाण्डेय ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने महिला के हाथ-पैरों पर लकड़ी और पत्थरों से वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। हमलावरों ने घटना के दौरान महिला को जान से मारने की धमकी भी दी।

मारपीट के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह महिला को खेत में प्रताड़ित किया जा रहा है। घायल महिला को परिजनों ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज जारी है।

सिंहपुर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राजेंद्र मोहन दुबे ने बताया कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post