MP News: नेशनल हाईवे-30 पर खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बाइक, युवक की मौत

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला।
जिले के बिछिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। किकरा नाला के पास एक तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई, जिसमें एक 22 वर्षीय युवक की जान चली गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कपिल पट्टा (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्राम छीरपानी का निवासी था। बताया जा रहा है कि कपिल अपनी बाइक से जा रहा था, तभी किकरा नाला के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक को वह देख नहीं पाया और बाइक सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और हाईवे हेल्पलाइन 1033 को सूचना दी। खबर मिलते ही एम्बुलेंस टीम (पायलट लेखराम यादव, ईएमटी आनंद मार्को और सहायक सुरजीत) मौके पर पहुँची और गंभीर रूप से घायल कपिल को बिछिया अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थीं कि डॉक्टरों ने उसे परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही बिछिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंपने की कार्यवाही की जा रही है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post