MP News: मंडला में ट्रक–तूफान वाहन की आमने-सामने भिड़ंत, चालक की मौत, 9 श्रमिक घायल

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। जिले के नेशनल हाईवे-30 पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हिरदेनगर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत पदमी चौराहा के पास करीब रात 2 बजे एक तूफान वाहन और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में तूफान वाहन के चालक नरेश बंजारा (30), निवासी ग्राम घोंटा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार 9 श्रमिक घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, ग्राम मधुपुरी से करीब 10 श्रमिक तूफान वाहन में सवार होकर केरल में काम करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पदमी के पास सामने से आ रहे ट्रक से उनकी वाहन की टक्कर हो गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही हिरदेनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। अस्पताल में डॉक्टरों ने चालक नरेश बंजारा को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। वहीं, पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post