MP-झारखंड में आंधी-बिजली से 16 की मौत: उत्तराखंड में बादल फटा, UP-राजस्थान-हरियाणा में पारा 42°C के पार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल/नई दिल्ली। देशभर में मौसम का दोहरा असर देखने को मिल रहा है। एक ओर कई राज्यों में प्री-मानसून बारिश और तेज आंधी का दौर जारी है, वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।

मध्य प्रदेश के बालाघाट में आकाशीय बिजली गिरने से 2 बच्चों समेत 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग झुलस गए। वहीं देवास में आंधी-बारिश के दौरान मकान की बालकनी गिरने से 2 महिलाओं की जान चली गई। झारखंड में बिजली गिरने से 10 और छत्तीसगढ़ में 2 लोगों की मौत की खबर है।

उत्तराखंड के चमोली जिले में देर रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद बादल फटने जैसे हालात बन गए। मलबा घरों, एक स्कूल, एंबुलेंस और कई वाहनों में घुस गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया।

कई राज्यों में 42 डिग्री के पार पहुंचा पारा

बारिश के बीच उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, दिल्ली और गुजरात के कई हिस्सों में गर्मी का प्रकोप भी जारी है। हरियाणा के रोहतक में सबसे अधिक 43.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में 43.2°C, आगरा और बांदा में 43°C तथा राजस्थान के श्रीगंगानगर में 42.1°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मानसून 22 राज्यों तक पहुंचा, यूपी में अब भी इंतजार

मानसून देश के 22 राज्यों तक पहुंच चुका है, जबकि उत्तर प्रदेश में इसकी एंट्री करीब 8 दिन की देरी से होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में मानसून बिहार सीमा से उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।

अगले दो दिन का मौसम

मौसम विभाग ने 28 और 29 जून को असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, गोवा, केरल और तमिलनाडु समेत कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों से दूर रहने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post