पुणे मर्डर केस: 'केतन जिंदा है' सुनते ही बदल गए सिया के हावभाव, पिता बोले- तभी गहरा गया शक

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) पुणे। पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में मृतक के पिता विशाल अग्रवाल ने बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि घटना वाले दिन ही परिवार को मंगेतर सिया गोयल पर शक हो गया था। उनके मुताबिक, जब मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मी ने कहा कि "केतन अभी जिंदा है, उसे तुरंत अस्पताल ले जाना चाहिए", तब सिया के हावभाव अचानक बदल गए। इसके बाद उसने परिवार के किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया।

विशाल अग्रवाल ने बताया कि 18 जून को सिया की मां का फोन आया था कि लोहगढ़ किले से गिरने के कारण केतन घायल हो गया है। परिवार जब मौके पर पहुंचा तो केतन को खाई से बाहर निकाला जा चुका था। उसका मुंह बंधा हुआ था, जिसे खुलवाकर पहचान की गई।

परिवार के सवालों पर रही खामोश, बुआ ले गई साथ

केतन की बहन ने सिया से पूछा कि आखिर हादसा कैसे हुआ और केतन कैसे गिरा, लेकिन सिया कोई जवाब नहीं दे सकी। परिवार का कहना है कि उसका रोना भी बनावटी लग रहा था। अगले दिन भी जब सिया घर आई तो सवाल पूछने पर उसकी बुआ उसे वहां से ले गई, जिससे परिवार का शक और गहरा गया।

CCTV और कॉल रिकॉर्ड बने अहम सुराग

परिवार ने घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पुलिस को अपनी आशंका बताई। जांच में सामने आया कि सिया लगातार एक युवक से संपर्क में थी। पुलिस के अनुसार जनवरी से 18 जून तक सिया और चेतन चौधरी के बीच 2004 कॉल हुईं, जिनमें करीब 338 घंटे बातचीत हुई।

पुलिस का दावा- प्रेमी के साथ मिलकर रची थी हत्या की साजिश

पुलिस जांच के मुताबिक, सिया और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने पहले से हत्या की योजना बनाई थी। 17 जून को दोनों एक कैफे में मिले, जहां कथित रूप से केतन को लोहगढ़ किले से धक्का देकर मारने की साजिश रची गई। पुलिस का दावा है कि इससे पहले 14 जून को भी केतन को धक्का देने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह बच गया था।

चैट डिलीट, मोबाइल फॉरेंसिक जांच में

जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने मोबाइल से चैट हिस्ट्री डिलीट कर रीसायकल बिन भी खाली कर दिया था। अब मोबाइल फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं ताकि डिलीट डेटा रिकवर किया जा सके।

सिया के माता-पिता बोले- दोषी हुई तो उसे भी कड़ी सजा मिले

पहली बार मीडिया के सामने आए सिया के माता-पिता ने कहा कि यदि उनकी बेटी जांच में दोषी पाई जाती है तो उसे भी सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उनका कहना है कि सिया शादी के लिए राजी थी और उन्हें चेतन चौधरी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा मामला

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने का भरोसा दिया है। फिलहाल सिया गोयल और चेतन चौधरी पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post