दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी में बदमाशों और अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला गोरखपुर थाना अंतर्गत पॉश इलाके रतन कॉलोनी का है, जहां बीती रात अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने एक शराब ठेकेदार के दफ्तर को निशाना बनाते हुए बमबाजी की और दहशत फैलाकर फरार हो गए। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
गोरखपुर थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रतन कॉलोनी स्थित शराब ठेकेदार आशीष शिवहरे का ऑफिस है। बीती रात करीब 2:00 से 2:30 बजे के बीच अज्ञात बदमाशों ने ऑफिस के ठीक सामने देर रात दहशत फैलाने के उद्देश्य से ताबड़तोड़ बमबाजी की। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए।
घटना की सूचना मिलते ही गोरखपुर थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा किए गए मौका-मुआयना और बारीक निरीक्षण के दौरान घटनास्थल से बम के सुतली व बारूद के अवशेष बरामद किए गए हैं, जिससे यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया है कि रात में यहां जानबूझकर बम फोड़े गए थे।
अवैध वसूली के लिए दबाव, कर्मचारियों ने बदमाशों को पहचाना
इधर, शराब ठेकेदार के दफ्तर में कार्यरत कर्मचारी अशोक मिश्रा ने मामले में बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि बम फेंकने वाले तीन युवक थे, जिन्हें पहचान लिया गया है। तीनों आरोपी एक एक्सेस स्कूटर पर सवार होकर आए थे। मिश्रा का आरोप है कि उक्त बदमाश पिछले कुछ समय से अवैध वसूली (अड़ीबाजी) के लिए लगातार दबाव बना रहे थे और इसी बात को लेकर डराने के उद्देश्य से उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया है।
सीसीटीवी (CCTV) खंगाल रही पुलिस, जल्द होगी गिरफ्तारी
वारदात के बाद पुलिस हरकत में आ गई है और आरोपियों की तलाश के लिए जाल बिछा दिया गया है। पुलिस घटना के समय और रूट के आधार पर आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर एफआईआर (FIR) दर्ज कर वैधानिक जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का दावा है कि साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को चिह्नित कर जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Tags
jabalpur
