दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) शिमला। हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार रात हुई तेज बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। बारिश के चलते प्रदेश के कई शहरों में रात के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है, जिससे जून के अंतिम सप्ताह में भी लोगों को ठंडक का एहसास हो रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले छह दिनों तक कई क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। विभाग ने 1 और 2 जुलाई को मध्यम ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से नदी-नालों के आसपास जाने से बचने और मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की है।
हिमाचल प्रदेश में मानसून की सामान्य एंट्री 22 जून तक हो जाती है, लेकिन इस बार अब तक मानसून के प्रवेश के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून की रफ्तार धीमी होने के कारण इसके प्रदेश में पहुंचने में देरी हो रही है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 1 से 26 जून के बीच प्रदेश में सामान्यतः 79.8 मिमी वर्षा होती है, जबकि इस वर्ष अब तक केवल 55.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यानी जून में अब तक सामान्य से 31 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।
हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, लेकिन मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने के लिए अभी कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है।
Tags
national
