Jabalpur News: नर्मदा में नहाने गए तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत, एक को बचाने के प्रयास में तीनों डूबे, 3 घंटे बाद मिले शव

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
जबलपुर में एक दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। तिलवारा थाना क्षेत्र स्थित नर्मदा के दद्दा घाट पर नहाने गए तीन दोस्तों की नदी में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक युवक के गहरे पानी में जाने पर उसे बचाने के लिए दोनों दोस्तों ने हाथ बढ़ाया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से तीनों नदी में समा गए। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने तीनों के शव बरामद किए। तीनों मुहर्रम की छुट्‌टी के चलते शनिवार को के दद्दा घाट पर नहाने गए थे। 

जानकारी के अनुसार, मुजावर मोहल्ला निवासी सोहिल, साहिल और साबिर (उम्र 16 से 18 वर्ष) शनिवार दोपहर करीब 2 बजे दद्दा घाट पर नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान सोहिल अचानक गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के लिए साहिल और साबिर ने हाथ बढ़ाया, लेकिन सोहिल ने घबराहट में दोनों को पकड़ लिया, जिससे तीनों का संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में डूब गए।

घटना की सूचना मिलते ही तिलवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घाट पर तीनों के कपड़े पड़े मिले, जिसके बाद अनहोनी की आशंका जताते हुए गोताखोरों को बुलाया गया। करीब तीन घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद तीनों के शव नदी के बीच झाड़ियों में फंसे हुए मिले। शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।

गढ़ा सीएसपी आशीष जैन ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू कराया। गोताखोरों की मदद से तीनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि तीनों मृतक अपने-अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे और निजी संस्थानों में काम करते थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। 

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदी-घाटों पर नहाने के दौरान विशेष सावधानी बरतें और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में जाने से बचें, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post