दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कुछ युवतियों द्वारा एक नाबालिग किशोरी के कथित अपहरण, मारपीट और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगा है। घटना ग्वारीघाट थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। मामले में पीड़िता ने पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट होकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि पड़ोस में रहने वाली चार युवतियां उसके घर में घुस आईं और उसे जबरन अपने साथ ले गईं। आरोप है कि उसे एक सुनसान और खंडहरनुमा स्थान पर ले जाकर मारपीट की गई। इस दौरान उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और घटना का वीडियो भी बनाया गया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
पीड़िता के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे स्थानीय लोगों ने बताया कि यह घटना करीब तीन दिन पहले हुई थी। आरोपियों ने न केवल नाबालिग किशोरी बल्कि उसकी एक अन्य साथी के साथ भी मारपीट की। दोनों को जबरन ले जाकर धमकाया गया और उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। घटना के बाद से दोनों किशोरियां मानसिक रूप से काफी आहत हैं।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शिकायत लेकर ग्वारीघाट थाने पहुंचने के बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और केवल मामूली धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिजन और स्थानीय नागरिक एसपी कार्यालय पहुंचे तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम में दो युवकों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी पहचान पवन और शिब्बू के रूप में बताई जा रही है। वहीं मारपीट करने वाली सभी युवतियां बालिग बताई जा रही हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक अलग पहलू भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, दोनों पीड़ित किशोरियों ने अपनी एक सहेली को अपने पास रखा हुआ था। सहेली ने उन्हें बताया था कि उसकी सौतेली मां उसके साथ मारपीट करती है। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर सौतेली मां ने कुछ युवकों और अन्य महिलाओं के साथ मिलकर किशोरियों को सबक सिखाने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी कार्यालय ने पूरे प्रकरण की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित किशोरियों को न्याय दिलाने की मांग की है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।



