दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। कूड़न गांव के पास तेज रफ्तार हेरियर कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया और मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
काम से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार खैरी गांव निवासी वीरेंद्र भूमिया (40) और नरेश भूमिया (42) बुधवार रात किसी काम से जबलपुर आए हुए थे। देर रात करीब 2 बजे दोनों अपनी बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। जब वे भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के कूड़न गांव के समीप पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार हेरियर कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे टक्कर के बाद दोनों युवक कई फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में वीरेंद्र भूमिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नरेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल तड़पता रहा, मदद के लिए लोग नहीं आए आगे
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ तो जमा हो गई, लेकिन गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने के लिए कोई आगे नहीं आया। घायल सड़क किनारे दर्द से कराहता रहा।
सूचना मिलने पर भेड़ाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने घायल नरेश को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। हालांकि उसकी हालत अत्यंत गंभीर थी और इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
हादसे से 10 मिनट पहले पिता से हुई थी बात
इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतक वीरेंद्र भूमिया के पिता ने बताया कि दुर्घटना से महज 10 मिनट पहले ही बेटे से उनकी फोन पर बात हुई थी। वीरेंद्र ने उन्हें बताया था कि वह जबलपुर से निकल चुका है और जल्द ही घर पहुंच जाएगा।
परिजनों ने बताया कि फोन पर बातचीत के दौरान सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद उन्हें हादसे की सूचना मिल गई।
दोनों मृतकों के पीछे छूटा भरा-पूरा परिवार
परिजनों के अनुसार वीरेंद्र और नरेश दोनों निजी वाहन चलाने का कार्य करते थे और रोजी-रोटी के सिलसिले में अक्सर जबलपुर आते-जाते रहते थे। दोनों विवाहित थे और उनके दो-दो बच्चे हैं।
परिवार के सदस्यों का कहना है कि दोनों ही अपने परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार आर्थिक और मानसिक संकट में आ गया है।
कार जब्त, चालक की तलाश जारी
भेड़ाघाट थाने में पदस्थ एएसआई तेजराम ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों मृतकों के परिजनों को रात में ही सूचित कर दिया गया था। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल हेरियर कार को जब्त कर लिया है। वाहन चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
Tags
jabalpur

