दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। CJP के जेनजी प्रोटेस्ट के दौरान बच्चों पर हुए कथित लाठीचार्ज को लेकर अब चर्चित अभिनेता रघुवीर यादव भी खुलकर सामने आए हैं। वेब सीरीज पंचायत में प्रधान का किरदार निभाकर घर-घर में लोकप्रिय हुए अभिनेता ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो जारी कर घटना पर गहरा दुख जताया।
बोले- जो देखा, उस पर यकीन नहीं हो रहा
वीडियो में रघुवीर यादव ने कहा कि वह इस घटना से बेहद आहत हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि मासूम बच्चों को जिस तरह बेरहमी और बेदर्दी से मारा-पीटा गया। अभिनेता की आवाज में घटना को लेकर दर्द और नाराजगी साफ नजर आई।
‘पूरी सृष्टि कभी माफ नहीं करेगी’
रघुवीर यादव ने बच्चों पर कार्रवाई को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि खाकी वर्दी पहनकर बच्चों पर जिस तरह हाथ उठाया गया, वह सिर्फ कानून-व्यवस्था का मामला नहीं, बल्कि मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ हुई इस कथित दरिंदगी को पूरी कायनात और पूरी सृष्टि कभी माफ नहीं करेगी।
पूछा- आखिर बच्चों का कसूर क्या था?
अभिनेता ने सवाल किया कि आखिर इन बच्चों का कसूर क्या था? उन्होंने जिम्मेदार लोगों से सवाल करते हुए कहा कि बच्चों को पीटने के बाद अब वे अपने घर जाएं, तनख्वाह लें और अपने बच्चों को रोटी खिलाकर चैन की नींद सोएं, लेकिन सृष्टि उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
बोले- ‘मेरे जिस्म का कतरा-कतरा बच्चों के साथ’
वीडियो के अंत में रघुवीर यादव भावुक नजर आए। उन्होंने आंदोलन में शामिल बच्चों के साहस को सलाम करते हुए कहा कि उनके शरीर का कतरा-कतरा इन बच्चों के साथ है। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे उनके साथ हैं और उन्हें भरोसा है कि जिस हौसले के साथ वे आगे बढ़ रहे हैं, उसमें उन्हें सफलता जरूर मिलेगी।
Tags
madhya pradesh
