Jabalpur News: जुआ फड़ पर पुलिस का छापा, 20 जुआरी गिरफ्तार; कोर्ट भेजने से पहले दिलाई नशा मुक्ति की शपथ

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जुआ फड़ पर छापा मारकर संचालक अर्पित ठाकुर समेत 20 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मौके से ₹85 हजार नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए गए। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट सहित अन्य वैधानिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पल्लवी शुक्ला ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अर्पित ठाकुर बंद कमरे में जुआ खिलवा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों ओर से घेराबंदी की और सभी आरोपियों को पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश करने से पहले नशा मुक्ति अभियान के तहत अपराध, जुआ और नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। सभी आरोपियों ने भविष्य में जुआ नहीं खेलने, किसी भी प्रकार का नशा नहीं करने और नशा मुक्त मध्य प्रदेश बनाने में सहयोग देने का संकल्प लिया।

एएसपी पल्लवी शुक्ला ने कहा कि कानून के तहत कार्रवाई के साथ-साथ सामाजिक सुधार भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जबलपुर पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि शहर में जुआ, नशा और अन्य अवैध गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं है।

Post a Comment

Previous Post Next Post