दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बरेला थाना अंतर्गत गौर चौकी क्षेत्र में डिस्पोजल ग्लास को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पान ठेले पर शुरू हुई कहासुनी के बाद दो युवकों ने एक मजदूर और उसके साथियों से मारपीट की। आरोप है कि विवाद के दौरान एक आरोपी ने युवक पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार, ग्राम सिलुआ निवासी सुनील बर्मन (20) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह मजदूरी करता है। वह अपने साथी आर्यन केवट और सुमित चौधरी के साथ एकता मार्केट स्थित बीकानेर मिष्ठान के पास एक पान ठेले पर डिस्पोजल ग्लास लेने गया था। शिकायत के अनुसार, पान ठेले के संचालक शिवम यादव उर्फ अरुण से तीन डिस्पोजल ग्लास मांगे गए, लेकिन उसने केवल दो ग्लास दिए। जब सुनील ने एक और ग्लास देने की बात कही तो शिवम ने दावा किया कि वह तीन ग्लास दे चुका है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि विवाद बढ़ने पर शिवम यादव गाली-गलौज करने लगा।
विरोध करने पर वहां मौजूद कान्हा उर्फ मयंक विश्वकर्मा ने सुनील को पकड़कर उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे आर्यन केवट और सुमित चौधरी के साथ भी दोनों आरोपियों ने मारपीट की। शिकायत के अनुसार, मारपीट के दौरान कान्हा उर्फ मयंक विश्वकर्मा ने जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर सुनील बर्मन के पेट में चोट पहुंचाई। घायल युवक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। गौर चौकी पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों शिवम यादव उर्फ अरुण और कान्हा उर्फ मयंक विश्वकर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(बी), 115(2), 109(1) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
