Jabalpur News: होटल में कमरा न मिलने से नाराज बदमाश छोटू चौबे के गुर्गे ने मैनेजर पर चलाईं ताबड़तोड़ 3 गोलियां

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। लार्डगंज थाना क्षेत्र में होटल मैनेजर पर फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि होटल में कमरा नहीं मिलने से नाराज एक युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर होटल मैनेजर पर तीन राउंड फायर किए। पुलिस के अनुसार, रानीताल गेट नंबर-1 निवासी शिवम अग्रवाल (29) ने लार्डगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिवम मदनमहल स्थित राइट टाउन में प्रेम मंदिर के सामने स्थित अवलोकन इन होटल में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।

शिकायत के अनुसार, 26 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे जगदीश अखाड़ा के पास रहने वाला कुनाल पटेल, जिसे शिवम पहले से जानते हैं, होटल पहुंचा और रात में ठहरने के लिए एक लग्जरी कमरा मांगा। मैनेजर ने बताया कि सभी कमरे पहले से बुक हैं। इस पर आरोपी ने कथित रूप से किसी भी हालत में कमरा देने का दबाव बनाया।

जब शिवम ने होटल के नियमों का हवाला देते हुए बताया कि स्थानीय व्यक्ति को सिंगल आईडी पर कमरा नहीं दिया जाता, तब आरोपी ने कथित रूप से खुद को छोटू चैबे गैंग से जुड़ा बताते हुए अंजाम भुगतने की धमकी दी और वहां से चला गया।

बारिश के दौरान फ्लाईओवर के नीचे की फायरिंग

रिपोर्ट के मुताबिक, अगले दिन 27 जुलाई की रात ड्यूटी समाप्त कर शिवम घर लौट रहे थे। तेज बारिश शुरू होने पर वे रानीताल गेट नंबर-1 के पास फ्लाईओवर के नीचे दिनेश फर्नीचर के सामने रुक गए। वहां अरुण रैकवार, कार्तिक लोधी, ध्रुव पटेल और विनोद पांडे पहले से मौजूद थे और सभी बारिश थमने का इंतजार कर रहे थे।

इसी दौरान रात करीब 11:30 बजे आरोपी कुनाल पटेल अपने साथी शनि के साथ स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने बाइक धीमी कर शिवम को देखकर गाली-गलौज की और कथित तौर पर कहा कि "तुमने मुझे होटल में कमरा नहीं दिया था।" इसके बाद उसने पिस्टल निकालकर जान से मारने की नीयत से तीन राउंड फायर किए और साथी के साथ मौके से फरार हो गया।

बाल-बाल बचा होटल मैनेजर

फायरिंग में शिवम अग्रवाल को कोई चोट नहीं आई। घटना के बाद उन्होंने लार्डगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

लार्डगंज थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी कुनाल पटेल एवं उसके साथी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 296(ए) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post