दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुलिस ने बाहर के राज्यों और जिलों से युवतियों को नौकरी का झांसा देकर अनैतिक देह व्यापार में धकेलने वाले एक संगठित सेक्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी दीपक धानुक को गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
महिला थाना पुलिस के अनुसार, पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के गाईघाटा क्षेत्र निवासी 39 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि वह दिल्ली में घरेलू कामकाज करती थी। इसी दौरान दीपक नामक व्यक्ति ने उसे फोन कर जबलपुर में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। विश्वास कर वह 11 जुलाई 2026 को जबलपुर पहुंची।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने उसे गोरखपुर क्षेत्र के एक होटल में ठहराया और अगले दिन ग्राहक के साथ जाने के लिए दबाव बनाया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर उसे जबरन देह व्यापार में धकेल दिया। पीड़िता का आरोप है कि उसके पास कई ग्राहकों को भेजा गया और कमाई का अधिकांश हिस्सा आरोपी अपने पास रखता था।
बाद में अरविंद नामक व्यक्ति ने उसे दूसरे होटल में बुलाकर अन्य युवतियों के साथ रखा और डराकर अवैध देह व्यापार कराने लगा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया तथा उसे वापस घर जाने से भी रोका गया। पैसे नहीं होने के कारण वह अपने घर लौटने में भी असमर्थ थी।
महिला थाना पुलिस ने जांच के बाद दीपक, अरविंद, रोशनी पटेल और शिव चौधरी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं तथा अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धाराओं 3, 4, 5 और 6 के तहत प्रकरण दर्ज किया।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनिवाल के मार्गदर्शन और महिला थाना प्रभारी मंजू शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक धानुक (29 वर्ष) निवासी बाजपेयी कंपाउंड, सदर, थाना कैंट को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया गया। मोबाइल की व्हाट्सएप चैट की जांच में ग्राहकों को भेजी गई युवतियों की तस्वीरें और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों अरविंद उर्फ प्रियांशु, रोशनी पटेल और शिवकुमार उर्फ आकाश के साथ मिलकर बाहर से युवतियों को बुलाता था। ग्राहकों से ₹2,000 वसूलकर युवती को ₹500, होटल को ₹500 देता था तथा शेष राशि स्वयं रखकर अवैध लाभ कमाता था।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Tags
jabalpur
