दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र में दो युवकों ने एक व्यक्ति का पीछा कर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए दो लोगों के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस के अनुसार, पचमठा मंदिर, सिंगरहा मोहल्ला निवासी शेख फिरोज (37), जो पुट्टी-पेंट का काम करते हैं, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह पीली बिल्डिंग शारदा चौक से सब्जी लेकर घर लौट रहे थे। रास्ते में बबला के घर के पास उनकी मुलाकात पिंटू सुल्तानी और उसके साथी अंजार से हुई। आरोप है कि दोनों ने शराब पीने के लिए ₹1,000 की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर दोनों गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर पिंटू सुल्तानी ने चाकू निकालकर फिरोज पर हमला करने का प्रयास किया, जिससे बचने के लिए वह दौड़ पड़े।
इसी दौरान वहां ऑटो लेकर खड़े शफीक भाईजान ने बीच-बचाव किया, लेकिन पिंटू सुल्तानी ने उन पर चाकू से हमला कर उनके बाएं गाल पर चोट पहुंचा दी। इसके बाद बीच-बचाव करने पहुंचे लखन खत्री के साथ भी पिंटू सुल्तानी और अंजार ने डंडे से मारपीट कर उनके हाथ और पीठ में चोट पहुंचाई। घटना के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। गढ़ा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर पिंटू सुल्तानी और अंजार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(बी), 119(1), 115(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
