Jabalpur News: नरसिंहपुर हाइवा हत्याकांड की आंच पहुंची जबलपुर, बिना डिग्री वाले डॉक्टरों के भरोसे चल रहा था स्मार्ट सिटी अस्पताल, भवन हुआ सील

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नरसिंहपुर के चर्चित हाइवा हत्याकांड में अस्पताल संचालक डॉ. अमित खरे की गिरफ्तारी के बाद प्रशासन ने जबलपुर स्थित स्मार्ट सिटी अस्पताल पर बड़ी कार्रवाई की है। स्वास्थ्य, राजस्व और नगर निगम की संयुक्त जांच में अस्पताल में कई गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उसका लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर भवन को सील कर दिया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी ने बताया कि जांच के दौरान अस्पताल में कोई भी पंजीकृत या डिग्रीधारी चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। अस्पताल में कार्यरत नर्सिंग स्टाफ भी निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और पंजीकरण के बिना मरीजों का उपचार करता पाया गया। इसके अलावा अस्पताल की फार्मेसी भी नियमानुसार संचालित नहीं हो रही थी।

जांच में यह भी सामने आया कि अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में कार्यरत तकनीशियनों के पास आवश्यक शैक्षणिक योग्यता और निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रमाणपत्र नहीं थे। अधिकारियों द्वारा अस्पताल प्रबंधन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई जिम्मेदार चिकित्सक मौके पर उपस्थित नहीं हुआ।

संयुक्त टीम ने भवन और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच में भी गंभीर खामियां पाईं। अस्पताल की फायर एनओसी और लिफ्ट सुरक्षा प्रमाणपत्र की वैधता समाप्त हो चुकी थी। वहीं नगर निगम और राजस्व विभाग की जांच में भवन अनुज्ञा से संबंधित दस्तावेजों में भी अनियमितताएं सामने आईं, जिसके चलते इमारत को सुरक्षा की दृष्टि से असुरक्षित माना गया।

गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए प्रशासन ने अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करते हुए भवन को सील कर दिया। अस्पताल में भर्ती सभी आठ मरीजों को सुरक्षित उपचार के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज स्थानांतरित किया गया।

प्रशासन ने कार्रवाई के दौरान पंचनामा तैयार कर अस्पताल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है तथा निर्धारित समय सीमा में सभी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post