दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। ऑर्डनेंस फैक्ट्री खमरिया (OFK) के कर्मचारी और यूनियन लीडर के खिलाफ यौन शोषण तथा जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है।
39 वर्षीय पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2023 में काली बाड़ी मंदिर में पूजा के दौरान उसकी पहचान मंदिर समिति के सचिव और OFK कर्मचारी अरनब दास गुप्ता से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप के जरिए बातचीत शुरू हुई।
महिला का आरोप है कि जून 2023 से मई 2026 के बीच अरनब दास गुप्ता ने उसे शादी का झांसा दिया और डरा-धमकाकर उसका शारीरिक शोषण किया। इसके अलावा, मंदिर समिति के विवादों से जुड़ी शिकायतें वापस लेने के लिए भी उस पर दबाव बनाया गया।
पीड़िता ने बताया कि 10 मई 2026 को हुई अंतिम मुलाकात के बाद जब उसने शादी के लिए कहा, तो आरोपी टालमटोल करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और चैट व कॉल रिकॉर्डिंग नष्ट करने के उद्देश्य से महिला का मोबाइल तोड़ दिया।
घटना के बाद पीड़िता ने परिजनों को जानकारी दी और खमरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
Tags
jabalpur
