दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल ने अपने खिलाफ लगातार शिकायतें और षड्यंत्र किए जाने का आरोप लगाते हुए किसी अन्य विश्वविद्यालय में स्थानांतरण की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र भेजा है। पत्र में उन्होंने विश्वविद्यालय में मौजूदा परिस्थितियों के कारण मानसिक तनाव में रहने और काम करने के लिए अनुकूल माहौल नहीं होने की बात कही है।
डॉ. सोनवाल ने 16 अगस्त को कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा को पत्र भेजकर अपनी स्थिति से अवगत कराया था। कुलगुरु द्वारा यह पत्र उच्च शिक्षा मंत्री को भेजे जाने के बाद विश्वविद्यालय के प्रशासनिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
कुलसचिव ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि उनके खिलाफ लगातार शिकायतें की जा रही हैं और विभिन्न प्रकार की परिस्थितियां बनाई जा रही हैं। उनका कहना है कि इन शिकायतों के जवाब तैयार करने में उनका काफी समय निकल जाता है। उन्होंने दावा किया कि विश्वविद्यालय में उनका लगभग आधा समय शिकायतों के जवाब देने में ही व्यतीत हो रहा है, जिससे छात्र हित और विश्वविद्यालय से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
डॉ. सोनवाल ने विश्वविद्यालय की स्थिति को जटिल बताते हुए कहा है कि यदि यहां की परिस्थितियों का पूरा विवरण सामने रखा जाए तो उस पर एक किताब लिखी जा सकती है। उन्होंने लगातार तनाव में रहने की बात भी पत्र में कही है।
कुलसचिव ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि उन्होंने अपने बेटे का रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में एडमिशन कराया था। हालांकि, विश्वविद्यालय के मौजूदा हालात को देखते हुए उन्होंने अपने बेटे को दोबारा उज्जैन भेज दिया। उन्होंने उच्च शिक्षा मंत्री से जल्द से जल्द किसी अन्य विश्वविद्यालय में स्थानांतरण किए जाने का अनुरोध किया है।
Tags
jabalpur

