दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। एक रेस्टोरेंट में काम करने वाली युवती की उसके साथी कर्मचारी ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी। घटना 14 अगस्त की रात की है, जिसका वीडियो सोमवार शाम सामने आया है। पुलिस ने आरोपी पवन को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मुस्कान चौधरी करीब एक साल से महफिल बार एंड रेस्टोरेंट में काम कर रही थी। आरोपी पवन बर्मन भी वहीं कर्मचारी था। घटना वाले दिन दोनों के बीच काम को लेकर विवाद हुआ था। मुस्कान ने इसकी शिकायत रेस्टोरेंट मैनेजर से की थी, जिसके बाद मैनेजर ने पवन को डांट लगाई थी।
बाद में दोनों के बीच दोबारा विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान पवन ने किचन में रखा चाकू उठाकर मुस्कान पर हमला कर दिया। घटना के बाद रेस्टोरेंट के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मुस्कान को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, पवन का स्वभाव गुस्सैल था और काम के दौरान उसका कर्मचारियों से विवाद होता रहता था। जांच में यह भी सामने आया है कि पहले भी उसका एक युवती से विवाद हुआ था।
एएसपी सूर्यकांत शर्मा के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मुस्कान द्वारा पवन की शिकायत किए जाने के बाद हुआ विवाद घटना की मुख्य वजह सामने आया है। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
Tags
jabalpur
