Jabalpur News: 700 रुपये की साड़ी का रिफंड पाने के चक्कर में महिला ने गंवाए ₹97,400, इंस्टाग्राम फ्रॉड का शिकार हुई रेलकर्मी की पत्नी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत समीक्षा टाउन निवासी 32 वर्षीय महिला ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड का शिकार हो गईं। इंस्टाग्राम पर साड़ी का विज्ञापन देखकर 700 रुपये का ऑर्डर देना महिला को महंगा पड़ गया। ठगों ने रिफंड का झांसा देकर अलग-अलग किस्तों में पीड़िता से कुल 97,400 रुपये ठग लिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता के पति रेलवे में टीसी के पद पर पदस्थ हैं। महिला ने बीते 26 जून को इंस्टाग्राम पर साड़ी का एक आकर्षक विज्ञापन देखकर 700 रुपये में दो साड़ियों का ऑर्डर बुक किया और भुगतान 'फोन पे' से कर दिया। इसके अगले ही दिन एक अज्ञात व्यक्ति ने व्हाट्सएप कॉल कर डिलीवरी के लिए 800 रुपये अतिरिक्त चार्ज की मांग की। महिला ने जब कहा कि डिलीवरी चार्ज फ्री था और ऑर्डर रद्द कर रिफंड मांगा, तो जालसाजों ने रिफंड प्रक्रिया के नाम पर नया जाल बिछाया।

ठगों ने रिफंड का झांसा देकर महिला को झांसे में लिया और क्यूआर कोड भेजकर दोबारा 700 रुपये ट्रांसफर करवाए। इसके बाद कभी 2 हजार तो कभी किसी अन्य चार्ज के नाम पर पैसे मांगते रहे। 26 जून से 4 जुलाई के बीच जालसाज पीड़िता से 11 बार में कुल 97,400 रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा चुके थे।

लगातार पैसों की मांग होने पर महिला को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सिविल लाइन थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस बैंक खातों और क्यूआर कोड के आधार पर साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post