दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। ग्वारीघाट इलाके में मानसिक रूप से बीमार बुजुर्ग की कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से सरेराह पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान बुजुर्ग लगातार चीखते रहे—“मुझे मत मारो, मेरी गलती क्या है, कोई तो बचा लो...।” इसके बावजूद आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। मारपीट में बुजुर्ग के हाथ-पैर से खून निकल आया। घटना का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दो लोग लाठी से पीटते रहे, भीड़ देखती रही
वायरल वीडियो में दो लोग हाथों में लाठी लेकर बुजुर्ग के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं, लेकिन कोई भी बुजुर्ग को बचाने के लिए आगे नहीं आता। बुजुर्ग दर्द से कराहते हुए खुद को छोड़ने की गुहार लगाते रहे। उनके हाथ और पैर से खून निकलता भी दिखाई दे रहा है।
शुरुआत में वीडियो की लोकेशन स्पष्ट नहीं थी। बाद में वीडियो में ग्वारीघाट का गेट दिखाई देने के बाद घटना की पहचान जबलपुर के ग्वारीघाट क्षेत्र के रूप में हुई।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय
एएसपी अंजना तिवारी ने बताया कि बुजुर्ग से मारपीट का वीडियो बुधवार को पुलिस के संज्ञान में आया है। उन्होंने ग्वारीघाट थाना प्रभारी को वीडियो के आधार पर मारपीट करने वालों की तत्काल पतासाजी कर उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
Tags
jabalpur
