MP News: खड़े ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार बोलेरो, आर्मी जवान व उसके बड़े भाई समेत 3 की दर्दनाक मौत

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) अनूपपुर। जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। मृतकों में दो सगे भाई और बोलेरो का मालिक शामिल हैं। हादसे में जान गंवाने वालों में एक आर्मी जवान भी था, जो दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहा था।

हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के छूलहा गांव के पास सोमवार सुबह करीब 4 बजे हुआ। हादसे में दीनबंधु विश्वकर्मा (36), उनके छोटे भाई विनीत विश्वकर्मा (26) और बोलेरो मालिक मोहम्मद करीम (32) की मौत हो गई। वहीं, धनगवां निवासी राजू तिवारी (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया है।

दोस्त की शादी में शामिल होने आ रहा था आर्मी जवान

मृतक विनीत विश्वकर्मा सेना में जवान था। वह छत्तीसगढ़ के रायपुर में अपने दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहा था। पिता जयकरण विश्वकर्मा के मुताबिक, विनीत रात करीब 3 बजे ट्रेन से पहुंचा था। इसके बाद वह अपने बड़े भाई दीनबंधु और दोस्त राजू तिवारी के साथ बोलेरो से घर जा रहा था। इसी दौरान छूलहा गांव के पास हादसा हो गया।

परिजनों को सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे पुलिस ने हादसे की सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंचे।

बोलेरो मालिक की भी मौत

हादसे में बोलेरो मालिक मोहम्मद करीम (32) की भी जान चली गई। वह मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला था और जैतहरी में टायर रिपेयरिंग की दुकान चलाता था। करीम अविवाहित था। उसके पिता शादी समारोह में शामिल होने बिहार गए हुए हैं।

ट्रक का रिफ्लेक्टर बंद होने की बात आई सामने


हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल राजू तिवारी को मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया।

तीनों मृतकों के शव जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाए गए हैं। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण कुमार साहू के अनुसार, सड़क किनारे खड़े ट्रक का रिफ्लेक्टर बंद था। पोस्टमार्टम के बाद मामले में एफआईआर दर्ज की जाएगी।

हाईवे पर खड़े वाहनों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश

गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने 13 अप्रैल को राष्ट्रीय राजमार्गों पर भारी और व्यावसायिक वाहनों की पार्किंग को लेकर अंतरिम निर्देश जारी किए थे। कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि ऐसे वाहन हाईवे के कैरिजवे या पक्के किनारे पर खड़े नहीं किए जा सकेंगे। इनके लिए निर्धारित पार्किंग स्थल, ले-बाय या अन्य तय स्थानों का ही इस्तेमाल करना होगा। कोर्ट ने सड़क हादसों के ब्लैक स्पॉट और जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान कर उनकी सूची जारी करने के निर्देश भी दिए थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post