Jabalpur News: सतपुला ब्रिज के पास ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग महिला की मौत, शिनाख्त में जुटी पुलिस

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अधारताल और जबलपुर रेलवे स्टेशन के बीच सतपुला ब्रिज के पास गुरुवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से करीब 65 से 70 वर्षीय अज्ञात महिला की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। फिलहाल पुलिस मृतिका की पहचान करने में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, घटना 26 नवंबर की सुबह करीब 11:20 बजे की है। अधारताल स्टेशन पर पदस्थ ट्रैकमैन आशीष सिंह ने रेलवे ट्रैक पर महिला का शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। पुलिस के मुताबिक, महिला ट्रेन की चपेट में आ गई थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने मृतिका की पहचान के लिए हुलिया जारी किया है। महिला की उम्र लगभग 65 से 70 वर्ष बताई जा रही है। उसका रंग गेहुंआ, चेहरा गोल और सिर के बाल छोटे हैं। घटना के समय महिला ने लाल रंग की साड़ी और लाल रंग का गर्म स्वेटर पहन रखा था।

रांझी थाना पुलिस ने मर्ग क्रमांक 73/26 कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को महिला के संबंध में कोई जानकारी हो या उसके परिजन उसे तलाश रहे हों, तो तत्काल थाना रांझी से संपर्क करें, ताकि मृतिका की पहचान हो सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post