दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में स्पा सेंटरों और ओयो सहित अन्य होटल प्रतिष्ठानों की आड़ में कथित रूप से संचालित अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ हिंदू टाइगर फोर्स ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को विजयनगर थाने पहुंचकर थाना प्रभारी धीरज राज को ज्ञापन सौंपा और संदिग्ध प्रतिष्ठानों की गोपनीय जांच कर छापेमारी करने की मांग की।
संगठन ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर घनी बस्तियों और आवासीय कॉलोनियों में संचालित कुछ स्पा सेंटरों एवं होटलों में मसाज और होटल सुविधा की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित होने की आशंका है। इससे महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के साथ सामाजिक एवं कानून व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
हिंदू टाइगर फोर्स ने अनैतिक व्यापार, महिलाओं के शोषण, मानव तस्करी और अन्य संभावित आपराधिक गतिविधियों की आशंका जताते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों की नियमित निगरानी करने की मांग की। साथ ही दोषी संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और नगर निगम द्वारा जारी लाइसेंसों की समीक्षा करने का आग्रह किया।
संगठन ने यह भी मांग की कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निरस्त किए जाएं और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाए।
इस दौरान थाना प्रभारी धीरज राज ने संगठन के पदाधिकारियों को मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
Tags
jabalpur
