दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) गुना। जिला अस्पताल परिसर में बुधवार दोपहर करीब 1 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर डॉ. सुभाष सोनकर की कार अनियंत्रित होकर 6 लोगों को टक्कर मारने के बाद दीवार से जा टकराई। हादसे में 4 महिलाएं और 2 बच्चे घायल हो गए। घायलों में एक गर्भवती महिला भी शामिल है। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, डॉ. सुभाष सोनकर अपनी कार (MP 07 ZM 6890) चला रहे थे। कार अस्पताल परिसर से बाहर निकल रही थी, तभी अचानक अनियंत्रित हो गई। कार ने वहां मौजूद लोगों को टक्कर मार दी और फिर दीवार से जा भिड़ी। कार पर मध्यप्रदेश शासन लिखा हुआ था।
गर्भवती बहू की सोनोग्राफी कराने आए थे परिजन
हादसे में घायल चंदन ने बताया कि वह आवन से अपनी गर्भवती बहू की सोनोग्राफी कराने जिला अस्पताल आए थे। वे अस्पताल के पास खड़े थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें और उनकी बहू को टक्कर मार दी। चंदन के एक पैर में पहले से ही हादसे के कारण प्लास्टर चढ़ा हुआ था। इस दुर्घटना में उनका दूसरा पैर भी फ्रैक्चर हो गया।
प्रबंधन का दावा- डॉक्टर को आए थे चक्कर
अस्पताल प्रबंधन के डॉ. आरएल धाकड़ ने बताया कि डॉ. सुभाष सोनकर को गाड़ी चलाते समय चक्कर आ रहे थे, जिसके कारण कार अनियंत्रित हो गई। डॉक्टर के पास अपना चालक है, लेकिन उस दिन वे खुद कार चला रहे थे।उन्होंने बताया कि घायल गर्भवती महिला की जरूरी जांच कर ली गई है और फिलहाल वह खतरे से बाहर है।
निष्पक्ष जांच की मांग
प्रत्यक्षदर्शी समाजसेवी धर्मवीर सिंह ढिल्लो ने बताया कि कार तेज गति से आई और चालक नियंत्रण खो बैठा। उन्होंने अस्पताल परिसर में वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। हादसे के बाद घायलों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जांच में यह स्पष्ट होना चाहिए कि दुर्घटना डॉक्टर की तबीयत बिगड़ने के कारण हुई या वाहन चलाने में लापरवाही की वजह से। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है।
Tags
madhya pradesh
