MP News: जबलपुर से आयशर वाहन में भरकर मंडला पहुंचाई जा रही थी देसी-विदेशी शराब, पुलिस ने 13 लाख का माल किया जब्त, 5 आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। मंडला में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जबलपुर की तरफ से लाई जा रही 1,584 लीटर देसी-विदेशी शराब जब्त की है। शराब को मंडला के गाजीपुर इलाके में एक मकान में छिपाकर रखने की तैयारी थी। पुलिस ने मौके से शराब के परिवहन में इस्तेमाल आयशर वाहन भी जब्त किया है। मामले में वाहन चालक समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात सूचना मिली थी कि जबलपुर की ओर से नीले रंग के आयशर वाहन (MP 20 JA 6521) में अवैध शराब मंडला लाई जा रही है। सूचना के आधार पर कोतवाली और महाराजपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गाजीपुर में मृगतेष शर्मा के मकान पर दबिश दी।

तलाशी के दौरान मकान से 1,584 लीटर देसी-विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब और आयशर वाहन समेत करीब 13 लाख रुपए का माल जब्त किया।

पुलिस ने संजय उर्फ रेड दोहरे (32), अरविंद बरमैया (20), प्रिंस उर्फ बासु गुप्ता (26), मृगतेष शर्मा (26) और माणिक चौहान (22) को गिरफ्तार किया है। सभी मंडला के निवासी हैं।

पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 788/26 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि शराब जबलपुर में कहां से खरीदी गई थी और इस तस्करी के नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post