राहुल गांधी की संपत्ति की CBI-ED जांच का आदेश रद्द, सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट को दोबारा सुनवाई के दिए निर्देश

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी की संपत्ति की CBI और ED से जांच कराने के इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश को रद्द कर दिया है। बुधवार को सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने मामले को वापस हाईकोर्ट भेज दिया। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हाईकोर्ट पहले राहुल गांधी का पक्ष सुने और इसके बाद नए सिरे से फैसला करे।

दरअसल, कर्नाटक के भाजपा कार्यकर्ता एस. विग्नेश शिशिर ने 25 अप्रैल को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में याचिका दायर की थी। इसमें राहुल गांधी और उनके परिवार के सदस्यों की संपत्ति की CBI और ED से जांच कराने की मांग की गई थी। याचिका में आरोप लगाया गया था कि राहुल गांधी के पास उनकी आय से अधिक संपत्ति है।

राहुल गांधी ने हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। उनकी ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने पक्ष रखा। राहुल गांधी की दलील थी कि याचिकाकर्ता को इस मामले में याचिका दायर करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने याचिकाकर्ता की पहचान और योग्यता पर भी सवाल उठाए थे। इसके अलावा उन्होंने पूछा था कि गोपनीय प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी अखबारों में कैसे प्रकाशित हुई।

इससे पहले 17 अगस्त को सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के आदेश पर सवाल उठाए थे। शीर्ष अदालत ने कहा था कि राहुल गांधी का पक्ष सुने बिना उनके खिलाफ आदेश जारी करना उचित नहीं है। कोर्ट ने यह भी पूछा था कि उन्हें अपना पक्ष रखने का अवसर क्यों नहीं दिया गया। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट में आगे की सुनवाई पर रोक लगा दी थी।

गौरतलब है कि 12 मई को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने मामले की सुनवाई के दौरान CBI और ED से शिकायत पर जवाब मांगा था। दोनों एजेंसियों ने अदालत को बताया था कि उन्हें शिकायत मिल चुकी है। हाईकोर्ट ने CBI, ED और केंद्र सरकार के संबंधित विभागों से आठ सप्ताह में जवाब देने और शिकायत पर अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी देने को कहा था। साथ ही जांच में नए सबूत मिलने पर कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

इस मामले में CBI याचिकाकर्ता एस. विग्नेश शिशिर से 12 और 13 अगस्त को पूछताछ भी कर चुकी है। पहले दिन करीब सात घंटे और दूसरे दिन छह घंटे तक उनसे सवाल-जवाब किए गए थे। विग्नेश शिशिर के मुताबिक, उन्होंने पूछताछ के दौरान कथित लेन-देन, विदेश यात्राओं और अन्य आरोपों से जुड़े दस्तावेज जांच अधिकारियों को सौंपे थे।

सुप्रीम कोर्ट के ताजा आदेश के बाद अब मामला दोबारा इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुना जाएगा। हाईकोर्ट राहुल गांधी का पक्ष सुनने के बाद इस मामले में नए सिरे से निर्णय लेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post