चांदी ₹9,103 और सोना ₹3,653 सस्ता, 13 महीने के निचले स्तर पर पहुंची चांदी; जानें कीमतों में गिरावट की वजह

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। देश में सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। चांदी की कीमत 9,103 रुपए प्रति किलो घटकर 1.43 लाख रुपए पर आ गई है। यह पिछले 13 महीनों में चांदी का सबसे निचला स्तर है। वहीं, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव भी 3,653 रुपए गिरकर 1.21 लाख रुपए पर पहुंच गया है।

इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, सोना अपने ऑलटाइम हाई 1.76 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम से करीब 32 प्रतिशत नीचे आ चुका है। वहीं, चांदी अपने रिकॉर्ड स्तर 3.80 लाख रुपए प्रति किलो से लगभग 63 प्रतिशत सस्ती हो गई है।

चांदी की कीमतों में गिरावट की प्रमुख वजह औद्योगिक मांग में कमी, वैश्विक बाजार में सप्लाई बढ़ना और सोने की कीमतों में गिरावट मानी जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर पैनल और फैक्ट्रियों में चांदी का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है। औद्योगिक गतिविधियों में सुस्ती आने से इसकी मांग प्रभावित होती है। इसके अलावा, खदानों से उत्पादन बढ़ने और बाजार में उपलब्धता ज्यादा होने से भी कीमतों पर दबाव पड़ता है।

सोने की कीमतों में गिरावट के पीछे अमेरिकी डॉलर की मजबूती, ब्याज दरों में बढ़ोतरी और निवेशकों की मुनाफावसूली जैसे कारण हैं। डॉलर मजबूत होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में दूसरे देशों के लिए सोना खरीदना महंगा हो जाता है। वहीं, अमेरिका में ब्याज दरें ऊंची रहने पर निवेशक सोने के बजाय बॉन्ड और बैंक डिपॉजिट में निवेश करना पसंद करते हैं। इसके अलावा, रिकॉर्ड कीमतों पर पहुंचने के बाद बड़े निवेशकों की बिकवाली भी सोने के भाव को नीचे लाती है।

देश के अलग-अलग शहरों में सोने-चांदी की कीमतों में अंतर भी देखने को मिलता है। इसकी वजह परिवहन और सुरक्षा का खर्च, स्थानीय मांग और सप्लाई, ज्वेलरी एसोसिएशन के रेट तथा ज्वेलर्स के पुराने स्टॉक की खरीद कीमत है। दक्षिण भारत में सोने की खपत अधिक होने के कारण वहां का बाजार भी कीमतों को प्रभावित करता है।

कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया के मुताबिक, मौजूदा उतार-चढ़ाव के बीच सोने और चांदी की खरीदारी एक साथ बड़ी रकम लगाकर करने के बजाय किश्तों में करना बेहतर हो सकता है। निवेशक कुछ खरीदारी अभी कर सकते हैं और बाकी रकम 15 से 20 दिन के अंतराल पर लगा सकते हैं। निवेश के लिए एक-दो महीने के बजाय 6 महीने से एक साल तक का नजरिया रखना चाहिए। हालांकि, बाजार में आगे भी उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

सोना खरीदते समय ग्राहकों को BIS हॉलमार्क वाला प्रमाणित सोना ही खरीदना चाहिए। हॉलमार्क से सोने की शुद्धता और कैरेट की जानकारी मिलती है। इसके साथ ही खरीदारी के दिन सोने का भाव IBJA जैसे विश्वसनीय स्रोतों से जांचना चाहिए। 24, 22 और 18 कैरेट सोने की कीमत अलग-अलग होती है। ज्वेलरी खरीदते समय वजन, मेकिंग चार्ज और अन्य शुल्क की जानकारी भी जरूर लेनी चाहिए।

चांदी की शुद्धता जांचने के लिए भी कुछ सामान्य तरीके प्रचलित हैं। असली चांदी आमतौर पर चुंबक से नहीं चिपकती और उस पर रखी बर्फ तेजी से पिघल सकती है। चांदी को सफेद कपड़े से रगड़ने पर काला निशान भी दिखाई दे सकता है। हालांकि, ये घरेलू तरीके पूरी तरह विश्वसनीय नहीं हैं। चांदी की शुद्धता की पुष्टि के लिए प्रमाणित हॉलमार्क और पेशेवर जांच को प्राथमिकता देना चाहिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post