दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। दीपावली की छुट्टियों के दौरान एक जज के सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले तीन आरोपियों में से दो को खमरिया थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चांदी की भगवान शिव की मूर्ति सहित चोरी किए गए जेवर बरामद किए गए हैं, जबकि वारदात में शामिल तीसरा आरोपी अभी फरार है।
ताले तोड़कर घर में घुसे थे चोर
जानकारी के अनुसार, जबलपुर में पदस्थ जज दीपावली की छुट्टियों में परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। इसी दौरान 10 नवंबर की रात तीन चोरों ने प्रियदर्शनी कॉलोनी स्थित उनके सूने मकान को निशाना बनाया। आरोपियों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी का लॉकर तोड़कर चांदी की भगवान शिव की मूर्ति, एक जोड़ी पायल और एक जोड़ी बिछिया चोरी कर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान
घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान मिले सुराग और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सुमित दहिया निवासी पनागर और किशन कुशवाहा निवासी गोहलपुर को गिरफ्तार कर लिया।
चोरी का सामान बरामद, तीसरा आरोपी फरार
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल की। उनकी निशानदेही पर चांदी की भगवान शिव की मूर्ति, एक जोड़ी पायल और एक जोड़ी बिछिया बरामद की गई है। वहीं, वारदात में शामिल तीसरा आरोपी गोपी उर्फ गुलफाम निवासी गोहलपुर अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
तीनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
एएसपी मनीष भारद्वाज ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों सहित फरार तीसरे आरोपी का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। पुलिस शहर के विभिन्न थानों से आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है। इसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Tags
jabalpur
