MP News: भोपाल में अंधे कत्ल का खुलासा, पत्नी ने ड्रिल मशीन की रॉड से हमला कर पति को कुएं में गिराया, साले और भांजे ने जंगल में फेंका शव

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल।
राजधानी भोपाल के परवलिया सड़क थाना क्षेत्र के ग्राम बगोनिया में लाल तालाब के पास जंगल में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि युवक रमेश बंजारा (35) की हत्या उसकी पत्नी मीना बाई ने ड्रिल मशीन की रॉड से सिर पर वार कर की थी। वार लगने के बाद रमेश कुएं में गिर गया, जहां उसकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, रायसेन जिले के ग्राम चांदपुर निवासी रमेश अपनी पत्नी मीना बाई, साले लक्ष्मण और भांजे जगदीश के साथ कुआं खोदने का काम करता था। इन दिनों सभी गुनगा थाना क्षेत्र के ग्राम चंदेरी में भारत सिंह के खेत पर काम कर रहे थे।

विवाद के बाद पत्नी ने किया हमला

रविवार शाम काम खत्म होने के बाद रमेश और उसकी पत्नी मीना बाई के बीच विवाद हो गया। इस दौरान रमेश ने पत्नी के साथ मारपीट की। इससे नाराज मीना बाई ने पास रखी ड्रिल मशीन की रॉड उठाकर रमेश के सिर पर वार कर दिया। वार लगने से रमेश कुएं में जा गिरा और उसकी मौत हो गई।

कुएं से निकालकर जंगल में फेंका शव

घटना के बाद लक्ष्मण और जगदीश ने रमेश के शव को कुएं से बाहर निकाला और पुलिस से बचने के लिए दूसरे थाना क्षेत्र के ग्राम बगोनिया में लाल तालाब के पास जंगल में फेंक दिया। खेत मालिक भारत सिंह को भी घटना की जानकारी थी, लेकिन उसने पुलिस को सूचना नहीं दी।

तीन आरोपी गिरफ्तार, खेत मालिक की भूमिका की जांच

सोमवार को जंगल में शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। मृतक के सिर पर चोट के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। मर्ग जांच में हत्या और साक्ष्य छिपाने के तथ्य सामने आने पर पुलिस ने पत्नी मीना बाई, साले लक्ष्मण, भांजे जगदीश और खेत मालिक भारत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मीना बाई, लक्ष्मण और जगदीश को गिरफ्तार कर लिया है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post