Jabalpur News: सांसद दुबे ने अधिकारियों से परिचयात्मक बैठक में ली विभागीय गतिविधियों की जानकारी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नव-निर्वाचित सांसद आशीष दुबे की अध्यक्षता में आज सभी जिला अधिकारियों की कलेक्ट्रेट में परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कलेक्टर दीपक सक्सेना की मौजूदगी में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयति सिंह और नगर निगम कमिश्नर प्रीति यादव सहित सभी ज़िला अधिकारियों द्वारा अपने परिचय के साथ विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी गई।

नगर निगम कमिश्नर यादव ने नगर निगम और स्‍मार्ट सिटी में चल रहे विकास कार्यों और बड़े प्रोजेक्ट्स के बारे में विस्तृत जानकारी दी। वहीं, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारीसिंह ने ग्रामीण विकास में किए जा रहे विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी देते हुए जल संवर्धन, मनरेगा, और एसएसजी द्वारा की जाने वाली आजीविका गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया।

परिचयात्मक बैठक में संयुक्त कलेक्टर और जिला आपूर्ति नियंत्रक नदीमा शीरी ने उपार्जन, रियायती दरों पर खाद्यान्न वितरण की जानकारी दी। इसी प्रकार, विद्युत, महिला बाल विकास, एनएचएआई, पीएचई, पीडब्ल्यूडी, शिक्षा, वन, कृषि और उद्यानिकी विभागों के साथ अन्य विभागों ने भी अपनी विभागीय गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।

सांसद दुबे ने सारगर्भित मार्गदर्शन देते हुए कहा कि जनकल्याण और विकास के कार्य प्राथमिकता से किए जाएं। उन्होंने फ्लाईओवर के कार्य समय सीमा पर पूर्ण करने, मानसून काल में वृक्षारोपण करने, शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण बनाने, बुढागर और मझगवां के तालाबों का पुनर्जीवन करने के साथ जल संरक्षण की दिशा में प्रभावी कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली संबंधी समस्याओं का निराकरण समय पर सुनिश्चित किया जाए और शहर को ग्रीन सिटी के रूप में विकसित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने वाटर ट्रीटमेंट की दिशा में प्रभावी कार्य करने और शहर में संचालित ई-रिक्शा को व्यवस्थित कर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के निर्देश भी दिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post