MP News: निर्माणाधीन फार्म हाउस की छत गिरने से 5 मजदूरों की मौत, मालिक सहित चार के खिलाफ केस दर्ज

दैनिक सांध्य बन्धु इंदौर। महू के चोरल गांव में एक निर्माणाधीन फार्म हाउस की छत गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 5 मजदूरों की मौत हो गई। यह हादसा गुरुवार देर रात हुआ, लेकिन शुक्रवार सुबह ग्रामीणों को इसका पता चला। ग्रामीणों ने तत्काल सिमरोल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। 

करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मलबे से पांचों मजदूरों के शव निकाले गए। मृतकों में दो सगे भाई और एक कॉन्ट्रेक्टर शामिल हैं। एसपी हीतिका वासल के अनुसार, मृतकों में 2 मजदूर इंदौर के, 2 शाजापुर के, और 1 राजस्थान का निवासी था। गुरुवार को काम खत्म करने के बाद सभी मजदूर निर्माणाधीन इमारत में ही सो गए थे।

इस घटना के बाद पुलिस ने फार्म हाउस के मालिक विकास डबकरा, अनाया डेम्बला, विहाना डेम्बला, और मैनेजर राहुल अहिरवार के खिलाफ केस दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में यह पाया गया कि निर्माणाधीन फार्म हाउस में गुरुवार को ही स्लैब डाली गई थी, और मजदूर उसी के नीचे सो गए थे, जब हादसा हुआ।

इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल भेजा गया है। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

फार्म हाउस के मालिक भरत डेमला ने दावा किया कि यह हादसा लोहे की बल्ली सरकने के कारण हुआ। उन्होंने कहा कि पूरा निर्माण अनुमति के साथ किया जा रहा था, और रात में किसी का पैर लगने से बल्ली सरक गई, जिससे छत गिर गई।

फिलहाल, पुलिस और प्रशासन मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं, और दोषियों पर कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post