दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बस स्टैंड चौकी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर (एसआई) नितिन पांडे के खिलाफ उनकी पत्नी प्राची पांडे द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोपों के चलते FIR दर्ज हुई है। आरोप है कि नितिन पांडे और उनके परिवार ने प्राची से लग्जरी कार की मांग की थी।
प्राची पांडे ने पति नितिन पांडे के अलावा सास, ससुर और देवर पर भी दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। प्राची का कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। प्राची भाजपा विधायक प्रणय पांडे की फुफेरी बहन और पूर्व विधायक प्रभात पांडे की भांजी हैं।
महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है और एसपी आदित्य प्रताप सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नितिन पांडे को लाइन अटैच कर दिया है। मामले की जांच जारी है।
प्राची पांडे का कहना है कि उनकी शादी 2016 में नितिन पांडे से हुई थी, जिसमें उनके मामा ने काफी दहेज दिया था। लेकिन शादी के तीन महीने बाद से ही उनसे अधिक दहेज की मांग की जाने लगी। जब उन्होंने इनकार किया, तो उन्हें मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई।
लग्जरी कार की मांग पूरी नहीं होने पर 2023 में नितिन पांडे ने प्राची को उनके मायके में छोड़ दिया, तब से वह अपने मामा के घर पर रह रही हैं। प्राची ने आरोप लगाया है कि उनके ससुराल वालों ने पहले भी लाखों रुपए की मांग की थी, जिसे उनके परिवार ने पूरा किया था, लेकिन इसके बाद भी उन्हें परेशान किया गया।
महिला थाने में दर्ज इस शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जा रही है।
