दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के गोहलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में 11 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा गाजी मियां दरगाह के सामने नेशनल हाईवे पर हुआ, जहां अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
स्कूल से घर लौट रहा था 11 वर्षीय असीम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक बालक की पहचान 11 वर्षीय असीम के रूप में हुई है। असीम शाम करीब 5 बजे के बीच स्कूल की छुट्टी के बाद अपने घर की ओर साइकिल से जा रहा था। जैसे ही वह गाजी मियां दरगाह के समीप नेशनल हाईवे पर पहुंचा, तभी सड़क पर हुए हादसे की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही गोहलपुर थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद बालक के शव को पंचनामा कार्रवाई के उपरांत पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज की मर्क्युरी भिजवा दिया है। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Tags
jabalpur
