MP News: इंदौर के होटल में युवती के साथ मिले दो युवक, एक हिरासत में; पुलिस जांच जारी

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र के स्कीम नंबर 114 पार्ट-1 स्थित एक होटल में रविवार रात एक युवती के साथ दो युवकों के मिलने के बाद हंगामा हो गया। राजपूत करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। संगठन ने आरोप लगाया कि युवती को नशा कराया जा रहा था और उसके साथ गलत गतिविधि की जा रही थी।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए युवक की पहचान खजराना निवासी फैजान खान के रूप में हुई है, जबकि दूसरा युवक अमन खान मौके से फरार हो गया। बताया गया कि शुरुआती पूछताछ में फैजान ने अपना नाम 'लक्की' बताया था।

कार्यकर्ताओं ने फैजान के मोबाइल में आपत्तिजनक फोटो-वीडियो, चैट और गांजा व अन्य संदिग्ध सामग्री की तस्वीरें मिलने का दावा किया। होटल के कमरे से शराब की बोतलें और अन्य आपत्तिजनक सामान मिलने की बात भी कही गई है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

लसूड़िया थाना प्रभारी राजकुमार यादव के मुताबिक फैजान नशे की हालत में था। पुलिस ने फिलहाल उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। युवती से भी उसके सामान्य स्थिति में आने के बाद पूछताछ की जाएगी।

करणी सेना ने फरार युवक अमन खान की गिरफ्तारी और पूरे मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले से जुड़े आरोपों और होटल में हुई घटना की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post