मधेपुरा के सिंहेश्वर धाम में धक्का-मुक्की, 8 श्रद्धालु घायल

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मधेपुरा। सावन के अंतिम सोमवार को बिहार के मधेपुरा स्थित सिंहेश्वर धाम मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। कतार टूटने के बाद कुछ श्रद्धालु गिर गए, जिससे 8 लोग घायल हो गए। घायलों में एक महिला के सिर में गंभीर चोट आई है। भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ।

जानकारी के मुताबिक, रात करीब 1 बजे सरकारी पूजा के बाद मंदिर के पट खुलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचने लगे। सुबह 6 से 7 बजे के बीच भीड़ अचानक बढ़ गई। इसी दौरान अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हुई और कुछ लोग गिर पड़े।

घायल महिला के परिजनों के अनुसार, भीड़ बढ़ने और पुलिस द्वारा नियंत्रण की कोशिश के दौरान लोग आगे बढ़ने लगे। इसी क्रम में महिला गिर गई और उसके सिर में चोट लगी। अन्य घायलों में सहरसा और सुपौल के श्रद्धालु भी शामिल हैं।

सभी घायलों को JNKT मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस-प्रशासन ने अतिरिक्त बल बुलाकर श्रद्धालुओं को कतार में व्यवस्थित किया। मधेपुरा के डीएम अभिषेक रंजन ने कहा कि मंदिर में भगदड़ जैसी स्थिति नहीं बनी थी और फिलहाल हालात सामान्य हैं। उन्होंने बताया कि भीड़ नियंत्रण के लिए निर्धारित SOP के तहत मुख्य द्वार को बीच-बीच में बंद कर श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित किया गया।

करीब आधे घंटे की अफरा-तफरी के बाद स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया। मंदिर में फिलहाल पूजा और जलाभिषेक जारी है।

सावन के अंतिम सोमवार के चलते बिहार और झारखंड के कई प्रमुख शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है। देवघर में करीब 4 किलोमीटर लंबी कतार देखी गई, जबकि मुजफ्फरपुर, पटना, भागलपुर, समस्तीपुर और अन्य शहरों के मंदिरों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post