सहारनपुर में प्रेमिका की नृशंस हत्या: कपड़े उतरवाकर सिर पर मारी सरिया, आरोपी प्रेमी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में हुई एक महिला की नृशंस हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 14 अगस्त को नांगल अहीर गांव के जंगल में मिले महिला के शव के मामले में पुलिस ने उसके पड़ोसी और प्रेमी शमशाद जोगी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने दूसरे पुरुष से संबंध के शक में महिला को जंगल में ले जाकर सरिया से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया था।

बेटी की शादी के पैसों को लेकर था विवाद 

पुलिस की पड़ताल के अनुसार, मृतका इमराना (छुटमलपुर स्थित एक दवा कंपनी की कर्मचारी) और आरोपी शमशाद के बीच पिछले 7-8 महीनों से प्रेम संबंध थे। इमराना अपनी बेटी आफरीन की शादी की तैयारियों के लिए शमशाद से आर्थिक मदद मांग रही थी, लेकिन शमशाद पैसे देने से मना कर रहा था। इसके अलावा, शमशाद को इमराना के केसर उर्फ केशव नामक व्यक्ति से संबंध होने का शक भी था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

मास्टरप्लान बनाकर जंगल में दिया वारदात को अंजाम 

पुलिस ने बताया कि आरोपी शमशाद ने 13 अगस्त की शाम हत्या की पूरी साजिश रची। उसने अपनी पहचान छुपाने के लिए अपना मोबाइल घर पर ही छोड़ दिया और बाइक में कुछ बदलाव किए। शाम को वह इमराना को कंपनी से लेकर प्रेम संबंध बनाने और पैसे देने का झांसा देकर नांगल अहीर के जंगल में ले गया।

जंगल में पहुंचकर आरोपी ने महिला से कपड़े उतारने को कहा और जैसे ही महिला कपड़े उतारने लगी, शमशाद ने अपनी बाइक में छुपाकर रखा सरिया निकाला और इमराना के सिर व चेहरे पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी ने शव को नाले में फेंक दिया।

साक्ष्य मिटाने की कोशिश, दूसरे पर शक डालने का रचा नाटक 

वारदात के बाद आरोपी ने महिला का मोबाइल फोन तोड़कर सरिया समेत पास के तालाब में फेंक दिया। हत्या का शक इमराना के कथित दूसरे प्रेमी केशव पर जाए, इसके लिए उसने वारदात का स्थान केशव के गांव के पास चुना। यही नहीं, घटना के बाद आरोपी बेखौफ होकर इमराना के पति के साथ उसकी तलाश करने का नाटक भी करता रहा।

सीसीटीवी फुटेज से पुलिस तक पहुंचा सुराग 

घटनास्थल और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पुलिस को शमशाद की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर साक्ष्य जुटाए और 22 अगस्त को उसे हरौड़ा कट के पास से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post