दिल्ली-NCR में तेज बारिश, 15 फ्लाइट डायवर्ट; MP-UP में बाढ़ जैसे हालात

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून का असर तेज हो गया है। दिल्ली-NCR में सोमवार सुबह से हुई तेज बारिश और आंधी के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। खराब मौसम के चलते दिल्ली एयरपोर्ट से 15 फ्लाइट्स डायवर्ट करनी पड़ीं। इनमें दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल हैं। 12 उड़ानों को जयपुर, दो को चंडीगढ़ और एक को लखनऊ डायवर्ट किया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 250 उड़ानें लेट हुईं और 26 फ्लाइट्स कैंसिल की गईं।

दिल्ली के संगम विहार, दुर्गा विहार और कनॉट प्लेस समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कुछ जगहों पर 3 से 4 फीट तक पानी भर गया, जिससे सड़क पर वाहन फंस गए और घरों-दुकानों में भी पानी घुस गया। जखीरा अंडरपास और न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन के आसपास भी जलभराव देखने को मिला।

यूपी के 19 जिलों में बाढ़ जैसे हालात

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से दशाश्वमेध घाट की पुलिस चौकी पानी में डूब गई। प्रयागराज के दारागंज घाट का श्मशान भी जलमग्न हो गया, जिसके बाद सड़कों पर अंतिम संस्कार करना पड़ा।

ललितपुर में सैर नाले पर बना पुल पानी में डूब गया। तेज बहाव के बीच पुल पार करने की कोशिश कर रहे एक युवक की बाइक बह गई। वहीं, उन्नाव में गंगा में डूब रहे दो बच्चियों और उनके पिता को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बचा लिया।

MP में भारी बारिश, कई जगह बाढ़ का खतरा

मध्य प्रदेश के जबलपुर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग में तेज बारिश हुई है। प्रदेश के 22 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। अशोकनगर में एक युवक बाइक समेत तेज बहाव में बह गया। पन्ना की शहपुरा नदी में एक डंपर भी बह गया, हालांकि ड्राइवर ने तैरकर अपनी जान बचा ली।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। डिंडौरी और बालाघाट समेत कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।

छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने से महिला की मौत

छत्तीसगढ़ के मुंगेली में बारिश के दौरान पैदल जा रही एक महिला पर बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बिलासपुर में स्कूल से घर लौट रहे तीन बच्चे घोंघा नदी के तेज बहाव में बह गए। तीनों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

बलरामपुर में कन्हर नदी पार करते समय एक युवक भी तेज बहाव में बह गया। राज्य के कई इलाकों में प्रशासन और बचाव दल अलर्ट पर हैं।

उत्तराखंड में भूस्खलन, त्रिपुरा में रेस्क्यू

उत्तराखंड के पौड़ी जिले में भारी बारिश के बीच बीरोंखाल क्षेत्र में भूस्खलन हुआ। सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई।

वहीं, त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में भारी बारिश के बाद कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन गई। NDRF की टीम ने कम से कम 25 लोगों को सुरक्षित निकाला, जिनमें एक गर्भवती महिला भी शामिल है।

25-26 अगस्त को कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, 25 अगस्त को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना है।

26 अगस्त को भी मध्य प्रदेश और ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

मौसम के बिगड़े हालात को देखते हुए एयरलाइंस ने यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करने की सलाह दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post