दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) पटना। दिल्ली से 164 यात्रियों को लेकर पटना आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI 1741 सोमवार सुबह बर्ड हिट का शिकार हो गई। विमान ने सुबह 7:43 बजे पटना एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। लैंडिंग से पहले पायलट ने रनवे के पास विमान के दाहिने टरबाइन के पास पक्षी के टकराने की आशंका जताते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एयरपोर्ट पर एहतियात के तौर पर इमरजेंसी लैंडिंग प्रोटोकॉल लागू किया गया। फायर सर्विस समेत अन्य संबंधित टीमों को भी तैनात कर दिया गया था।
लैंडिंग के बाद विमान की जांच की गई, जिसमें बर्ड हिट की पुष्टि हुई। हालांकि, जांच में इंजन को किसी तरह का नुकसान नहीं मिला। जरूरी जांच-पड़ताल पूरी होने के बाद विमान को वापस दिल्ली जाने की अनुमति दे दी गई।
इस घटना के कारण पटना से दिल्ली जाने वाली एअर इंडिया की AI 1852 फ्लाइट भी करीब 79 मिनट लेट हुई। 160 यात्रियों वाली यह फ्लाइट सुबह 8:45 बजे के निर्धारित समय के बजाय 10:09 बजे रवाना हुई।
7 दिन में दूसरी बर्ड हिट की घटना
पटना एयरपोर्ट पर पिछले सात दिनों में बर्ड हिट की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 17 अगस्त को दिल्ली से पटना आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट भी पक्षी से टकरा गई थी। उस घटना में विमान को काफी नुकसान पहुंचा था और करीब दो दिनों तक उसकी उड़ान पर रोक लगानी पड़ी थी। विमान की मरम्मत के लिए दिल्ली से इंजीनियरों की टीम भी पटना बुलाई गई थी।
Tags
national
