Jabalpur News: न्यू कंचनपुर में पटरी किनारे जुआ खेल रहे 8 जुआड़ी गिरफ्तार, 35 हजार 120 रुपये नकद जब्त

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में अवैध जुआ-सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अधारताल पुलिस की टीम ने न्यू कंचनपुर क्षेत्र में दबिश देकर 8 जुआड़ियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगा रहे आरोपियों के कब्जे और फड़ से 35 हजार 120 रुपये नकद जब्त किए हैं।

अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि रविवार (23 अगस्त 2026) को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि न्यू कंचनपुर स्थित तीन पुलिया रोड पर रेलवे पटरी के किनारे कुछ लोग ताश के पत्तों पर पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर मन्ना जुआ खेल रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मुखबिर के बताए स्थान पर अचानक दबिश दी और मौके की घेराबंदी कर जुआ खेल रहे 8 आरोपियों को धर दबोचा।

पकड़े गए आरोपियों में पनागर के जयप्रकाश नगर निवासी राकेश कुमार पटेल (48), जगमोहन वार्ड पनागर निवासी भागीरथ रजक (35), महाराजपुर पटेल नगर निवासी देवेंद्र चौकसे (50), उदयनगर व्हीएफजे गेट के पास निवासी अरविंद ओझा (52), पटेल नगर महाराजपुर निवासी हरीश आर्या (55), व्हीकल मड़ई रांझी निवासी महेंद्र रैकवार (44), करोंदा ऋषिनगर निवासी उत्तम पटेल (48) और न्यू कंचनपुर निवासी सुरेंद्र दाहिया (35) शामिल हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के पास से तथा फड़ से कुल 35,120 रुपये नकद और ताश के पत्ते जब्त करते हुए 13 जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक महेंद्र सिंह, प्रेमलाल विश्वकर्मा तथा आरक्षक अंकुर एवं मानवेंद्र की मुख्य और सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post